खबर

बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने घर पर करवाई डकैती, डिजिटल लॉक तोड़कर ₹99 लाख ले गए | moradabad businessman imran house high profile robbery



उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के नागफनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अकबर कंपाउंड इलाके में हुई हाई-प्रोफाइल डकैती का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. कारोबारी इमरान के घर पर हुई इस सनसनीखेज वारदात के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरार चल रहे दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. 

10 आरोपियों को जेल 

पकड़े गए इन आरोपियों की पहचान बिजनौर के रहने वाले रोहित और आदित्य के रूप में हुई है. मुरादाबाद पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में शामिल सभी मुख्य आरोपियों को अब गिरफ्तार किया जा चुका है और इस पूरे मामले में कुल 10 आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है.

गोपनीय जानकारी मुहैया कराई

इससे पहले, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता और कारोबारी की बेटी अरिबा, उसके प्रेमी अरशद वारसी तथा अन्य सह-आरोपियों को गिरफ्तार किया था. पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला सच सामने आया था कि डकैती की इस पूरी वारदात की साजिश घर के अंदर से ही रची गई थी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कारोबारी की बेटी अरिबा ने अपने प्रेमी अरशद को घर के कमरों और तिजोरी के डिजिटल लॉक से जुड़ी पूरी गोपनीय जानकारी मुहैया कराई थी, जिसके बाद इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया.

कारोबारी के घर की रेकी

मुरादाबाद पुलिस की तफ्तीश में यह बात भी प्रकाश में आई है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले कई बार कारोबारी के घर की रेकी की थी. अपनी तय योजना के मुताबिक, आरोपी देर रात घर में दाखिल हुए और वहां कारोबारी के बेटे को हथियार के बल पर बंधक बना लिया. इसके बाद आरोपियों ने घर में रखी भारी नकदी और कीमती जेवरात लूट लिए और फरार हो गए.

इस संवेदनशील मामले की जांच में जुटी थाना नागफनी पुलिस और सर्विलांस टीम ने लगातार छापेमारी और तकनीकी विश्लेषण करते हुए सबसे पहले 47 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की थी. इसके बाद, तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस के हाथ करीब 23 लाख रुपये से अधिक की रकम लगी. अब, शेष दो और आरोपियों रोहित और आदित्य की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कुल मिलाकर करीब 99 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि बरामद करने का दावा किया है.

मुरादाबाद बहुचर्चित डकैती कांड

इस पूरे मामले पर मुरादाबाद के एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि इस बहुचर्चित डकैती कांड में शामिल सभी मुख्य और नामजद आरोपियों को कानून के शिकंजे में ले लिया गया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों से सघन पूछताछ में कई अन्य महत्वपूर्ण और अहम जानकारियां हासिल हुई हैं. पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे मामले में आगे की वैधानिक व कानूनी कार्रवाई को कड़ाई से अमल में लाया जा रहा है. 

IPS अनुष्ठा कालिया का लेडी सिंघम वाला VIDEO वायरल, ‘प्यार’ के लिए चली आईं राजस्थान कैडर




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button