खबर

कॉलेज में फर्स्ट क्रश के पुराने दिन की याद दिलाता अरिजीत सिंह का नया गाना, फैंस के दिल को छुई आवाज, कहा- मास्टरपीस | Purane Din Pehla Pyaar Doosri Baar song of Arijit Singh shows college first crush



नई दिल्ली:

‘तेरा यार हूं मैं’ जैसे लोकप्रिय गाने के बाद गायक अरिजीत सिंह एक बार फिर संगीतकार रोचक कोहली, गीतकार कुमार और निर्माता-निर्देशक लव रंजन के साथ जुड़े हैं. यह टीम आगामी ड्रामा फिल्म ‘पहले प्यार दूसरी बार’ के नए गाने ‘पुराने दिन’ के लिए साथ आई है. ‘पुराने दिन’ को रोचक कोहली ने संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल कुमार ने लिखे हैं. यह गाना फिल्म के छह मुख्य किरदारों के बीच दोस्ती, प्यार और पहली मोहब्बत से जुड़ी भावनाओं को सामने लाता है. फिल्म में तुषार छिब्बर, सरगुन कौर लूथरा, कुणाल वैद, साक्षी वैद्या, स्पर्श वालिया और अलीशा चोपड़ा प्रमुख भूमिकाओं में हैं. खास बात यह है कि फिल्म के छहों मुख्य कलाकार इसी फिल्म से अभिनय की दुनिया में डेब्यू कर रहे हैं. 

लव रंजन के साथ अरिजीत सिंह फिर जुड़े

गाने के बारे में संगीतकार रोचक कोहली ने कहा कि ‘तेरा यार हूं मैं’ को आज भी मिल रहा प्यार उनके लिए बेहद खास है. उन्होंने कहा कि ‘पुराने दिन’ के साथ वह लव रंजन, अरिजीत सिंह और कुमार के साथ फिर से जुड़कर एक ऐसी भावना को तलाशने की कोशिश कर रहे हैं, जो उतनी ही सार्वभौमिक है पहले प्यार की मासूमियत. रोचक ने कहा कि टीम ने ऐसा गाना बनाने की कोशिश की है, जो सुनने में जाना-पहचाना लगे, लेकिन उसमें नयापन भी हो. उन्हें उम्मीद है कि ‘पुराने दिन’ भी श्रोताओं के बीच अपनी जगह बनाएगा और लंबे समय तक लोगों को पसंद आएगा. 

ये भी पढ़ें- 45 साल पुराना वो गाना, जो करता था दूरदर्शन के चित्रहार का द एंड,  हिंदी सिनेमा के 5 दिग्गज सिंगर्स की आवाज, आज भी सदाबहार 

कॉलेज की दोस्ती को बयां करता है अरिजीत सिंह का नया गाना

गीतकार कुमार ने बताया कि ‘तेरा यार हूं मैं’ और ‘पुराने दिन’ दोनों ही दोस्ती और बड़े होने के दौरान बनने वाली यादों की भावनात्मक दुनिया से जुड़े हैं. उन्होंने कहा कि ‘पुराने दिन’ के जरिए उन्होंने कॉलेज की जिंदगी की उस मासूमियत को शब्द देने की कोशिश की है, जब दोस्ती, पहला क्रश और छोटी-छोटी बातें भी बेहद खास लगती थीं. 

कुमार के मुताबिक, गाने का मकसद उस दौर को याद करना है जिसे लोग पीछे छोड़ चुके हैं, लेकिन उससे जुड़ी भावनाएं आज भी उनके साथ रहती है. उन्होंने उम्मीद जताई कि गाने के बोल श्रोताओं को उनकी जवानी, दोस्तों के साथ बिताए समय और पहली भावनाओं की याद दिलाएंगे.

पहले प्यार दूसरी बार के बारे में 

‘पुराने दिन’ फिलहाल टी-सीरीज म्यूजिक पर उपलब्ध है. लव फिल्म्स के बैनर तले प्रस्तुत ‘पहले प्यार दूसरी बार’ का संयुक्त निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है. फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है.  

ये भी पढ़ें- दिलराज कौर 42 साल पुराना हरियाणवी लोकगीत, भाई से चुनर मंगवाती बहन, आज भी है पार्टियों की शान, खूब देता शादियों में सुनाई





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button