

बिहार के जमुई जिले में सड़क किनारे एक लड़के और लड़की के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने कहा है कि घटना से जुड़े वीडियो के आधार पर सात आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. इन आरोपियों ने दोनों पीड़ितों को परेशान करने की पहले से ही प्लानिंग कर ली थी. जब लड़का-लड़की मड़वा पहाड़ पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और आपत्तिजनक हरकतें कीं.
आरोपियों ने पहले से की थी पूरी प्लानिंग
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने दोनों बच्चों को परेशान करने की प्लानिंग तभी कर ली थी, जब वे पहाड़ पर गए थे. इस मड़वा पहाड़ पर आसपास के लोग घूमने आते हैं. आरोपी पहले से इकट्ठा थे. जैसे ही दोनों नीचे उतरे, आरोपियों ने उन्हें घेर लिया. उनसे पूछताछ करने लगे. लड़की रोती रही, कहती रही कि वे बच्चे हैं. अब नहीं आयेंगे, उन्हें जाने दिया जाए लेकिन आरोपियों ने एक नहीं सुनी. लड़की को गलत तरीके से छुआ, लड़के को पीटा. एक आरोपी लड़की को उठाकर भागने की कोशिश करता रहा. यह सब करीब 20 मिनट चला, इस दौरान आसपास से कई लोग गुजरे. कई गाड़ियां गुजरी. लेकिन किसी ने दोनों की मदद नहीं की.
‘पहले भी होती रही हैं ऐसी घटनाएं’
स्थानीय लोग बताते हैं कि पहाड़ के पास यह पहली घटना नहीं है. अगर कोई लड़का, लड़की यहां आते हैं तो पहले भी असामाजिक तत्व उन्हें परेशान करते रहे हैं. लेकिन अक्सर लोग शिकायत नहीं करते, इसलिए इन्हें शह मिलती रही.
पुलिस ने क्या बताया?
जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि कथित घटना 19 सितंबर की शाम की है और वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर पीड़ित लड़के और लड़की का पता लगा लिया गया है. उन्होंने कहा, ‘कथित घटना दो दिन पुरानी है, लेकिन कल तक न तो पीड़ित लड़के और न ही लड़की ने पुलिस से कोई शिकायत की थी. आज जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब हमने दोनों पीड़ितों का पता लगाया.’
दयाल ने बताया कि जमुई थाने में दर्ज FIR में पीड़ितों ने किसी आरोपी का नाम नहीं लिया है, लेकिन वीडियो फुटेज की मदद से करीब सात लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों से पूछताछ जारी है और सोशल मीडिया से वायरल वीडियो हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.





