खबर

पत्र मिला और 5 मिनट में आ गया गडकरी का फोन, कांग्रेस सांसद भी हुए कायल | vivek-tankha-praises-nitin-gadkari-after-getting-call-within-5-minutes-of-letter



नई दिल्ली:

राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी एक समस्या पर लिखे गए पत्र मिलने के महज 5 मिनट बाद केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का फोन आ जाना लोकतांत्रिक शिष्टाचार और जवाबदेही का भी एक उदाहरण माना जा रहा है. कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के शाहपुरा क्षेत्र में भोपाल-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े संपर्क मार्गों की खराब स्थिति को लेकर नितिन गडकरी को पत्र लिखा था. अपने पत्र में उन्होंने कहा था कि दोनों संपर्क मार्गों के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं. इससे भारी वाहन पाटन मार्ग और हल्के वाहन शाहपुरा मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

विवेक तन्खा ने बताया कि पत्र पहुंचने के करीब पांच मिनट बाद ही नितिन गडकरी का फोन आया. गडकरी ने यात्रियों को हो रही असुविधा पर खेद जताया और मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. तन्खा ने इसके बाद सोशल मीडिया पर गडकरी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सज्जन और संवेदनशील मंत्री अब बहुत कम बचे हैं.

विपक्ष के भी पसंदीदा हैं नितिन गडकरी

नितिन गडकरी को लेकर विपक्षी नेताओं ने भी कई बार सकारात्मक टिप्पणी की है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद में कहा था कि वह गडकरी की इसलिए सराहना करते हैं क्योंकि वे दिल से और बेबाकी से अपनी बात रखते हैं.

वहीं, पूर्व भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने भी एक अनुभव साझा करते हुए बताया था कि सड़क परियोजना से जुड़े एक मामले को लेकर उन्होंने गडकरी से मुलाकात की थी. करीब एक महीने बाद गडकरी के कार्यालय से फोन कर यह पूछा गया कि उनका काम हुआ या नहीं. बिधूड़ी ने कहा कि इस घटना से उन्हें एहसास हुआ कि गडकरी सांसदों की शिकायतों और पत्रों को कितनी गंभीरता से लेते हैं.

ये भी पढ़ें : कल भारत को मिलेगी आसमान की ‘त्रिशक्ति’, HAL सौंपेगा तेजस ट्रेनर, HTT-40 और ध्रुव NG हेलीकॉप्टर







Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button