

सोशल मीडिया पर इन दिनों 80s का ट्रेंड खूब वायरल हो रहा है. लोग अपनी आज की तस्वीरों को AI की मदद से 1980 के दशक के लुक में बदल रहे हैं. किसी की फोटो पुराने बॉलीवुड पोस्टर जैसी नजर आ रही है, तो कोई 80s की फैमिली एल्बम वाली तस्वीर बना रहा है. इस ट्रेंड में बड़े बाल, विंटेज कपड़े, पुराने कैमरे जैसा इफेक्ट और फिल्मी अंदाज खास आकर्षण बने हुए हैं. इसी बीच बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस मौसमी चटर्जी ने कुछ ऐसा शेयर किया कि लोगों का ध्यान सीधे उनकी असली 80s की तस्वीर पर चला गया.
मौसमी चटर्जी ने शेयर की 80s की असली तस्वीर
मौसमी चटर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी एक पुरानी तस्वीर शेयर की है. तस्वीर में वह बेहद खूबसूरत अंदाज में नजर आ रही हैं. खास बात यह है कि उन्हें अपना 80s का लुक दिखाने के लिए किसी AI की जरूरत नहीं पड़ी. तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “80 के दशक में मैं कैसी दिखती, यह देखने के लिए AI की जरूरत नहीं है. यह ओरिजिनल है. 80 के दशक में मैं”
ये Video भी देखें: Haiwaan Review: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी का कमाल या निराशा?
उनकी इस पोस्ट ने मौजूदा AI ट्रेंड को ही मजेदार तरीके से जवाब दिया. जहां आज लोग अपनी तस्वीरों को 80s जैसा बनाने के लिए AI का सहारा ले रहे हैं, वहीं मौसमी के पास उस दौर की असली तस्वीर मौजूद है. हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई सेलिब्रिटीज और पब्लिक फिगर्स भी 80s की तस्वीरें शेयर कर इस ट्रेंड का हिस्सा बने हैं.
70s-80s में खूब चला मौसमी चटर्जी का जादू
मौसमी चटर्जी का फिल्मी करियर काफी शानदार रहा है. उन्होंने बतौर बाल कलाकार बंगाली फिल्म ‘बालिका बधू’ से शुरुआत की थी. हिंदी सिनेमा में बतौर हीरोइन उनकी पहचान फिल्म ‘अनुराग’ (1972) से बनी. इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया और उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस के लिए नामांकन भी मिला. इसके बाद उन्होंने ‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘कच्चे धागे’, ‘बेनाम’, ‘अंगूर’, ‘प्यासा सावन’, ‘घर एक मंदिर’, ‘जवानी’ जैसी कई फिल्मों में काम किया. 80s में भी वह लगातार फिल्मों का हिस्सा रहीं. ‘अंगूर’ जैसी फिल्म में उनका अंदाज आज भी दर्शकों को याद है.
‘पिकू’ में भी आई थीं नजर
No Need For AI To See What I Would Have Looked Like In The 80s Era.
This is an Original. Me In The 80s. pic.twitter.com/XsETD5Rujl— Moushumi Chatterjee (@MoushumiChatte6) September 12, 2026
लंबे समय तक फिल्मों में सक्रिय रहने के बाद मौसमी चटर्जी ने बाद के दौर में भी चुनिंदा फिल्मों में काम किया. साल 2015 में वह दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘पिकू’ में नजर आई थीं.
फैंस बोले- AI भी मौसमी के आगे फेल
मौसमी की तस्वीर देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी उनकी खूबसूरती की तारीफ करते नजर आए. कमेंट्स में लोगों ने लिखा, “80s की खूबसूरती का असली मतलब आप हैं”. एक यूजर ने लिखा, “AI को आपकी पुरानी तस्वीर की कॉपी करने की जरूरत है, आपको AI की नहीं”. वहीं एक और कमेंट में लिखा गया, “इतनी खूबसूरत तस्वीर कि किसी फिल्टर की जरूरत ही नहीं”.
मौसमी की यह तस्वीर देखकर साफ है कि 80s का दौर भले ही वापस न आया हो, लेकिन उस दौर की खूबसूरती और यादें आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं.





