खबर

UP के रवि लखेरा ने मां के साथ फेरी लगा बेचीं चूड़ियां, फिर शराब के धंधे का मास्टरमाइंड कैसे बना? | sagar poisonous liquor mastermind ravi lakhera full story encounter arrested



मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से अब तक 16 लोगों की जान चली गई है. 200 से ज्यादा लोग प्रभावित हैं. पुलिस ने मामले में अब तक 34 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है. जहरीली शराब कांड के बाद जांच में अवैध शराब तस्‍करी का नेटवर्क सामने आया, जिसका मास्टरमाइंड रवि लखेरा है. जिसे पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर कर  गिरफ्तार किया है. 

रवि लखेरा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा जिले का रहने वाला है. साल 2021 से वह मप्र   के छतरपुर में रह रहा था. बताया जा रहा है क‍ि रवि लखेरा जब जवान हो रहा था तो तब वह अपनी मां के साथ गांव-गांव घूमकर चूड़ी, महिलाओं के लिए श्रृंगार और अन्‍य सामान बेचा करता था. लेक‍िन, इस काम में दिनभर घूम-घूमकर सामान बेचने के बाद भी उतना पैसा नहीं मिलता था, जिससे कुछ बेहतर जिंदगी जी जा सके. 

पैसा कमाने के लिए अवैध धंधे में उतरा  

रवि लखेरा अधिक पैसा कमाना चाहता था, उसकी यही जिद और महत्वाकांक्षा ने उसे अवैध शराब के कारोबार से जोड़ दिया. सबसे पहले उसने उत्तर प्रदेश के महोबा और ललितपुर जिले के कुछ इलाके में अवैध शराब का कारोबार शुरू किया. इसके बाद उसका संपर्क अवैध शराब के कारोबारियों से बढ़ता गया और वह इस नेटवर्क की मजबूत कड़ी बन गया.   

मनीष और चंदू और रवि की जोड़ी बनी 

मध्य प्रदेश में एंट्री के बाद रवि लखेरा की मुलाकात सागर जिले के बंडा क्षेत्र के मनीष लोधी और चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू राजा से हुई. पुलिस के अनुसार, रवि लखेरा अवैध शराब बनाना जानता था,  उसने मनीष लोधी और चंदू राजा को शराब का अवैध कारोबार शुरू करने की सलाह दी. तीनों सहमत हुए और फ‍िर इस धंधे में उतर गए. 

रवि की बनाई शराब लोगों तक पहुंची   

जांच के अनुसार, गिरोह में आरोपी रवि लखेरा की जिम्‍मेदारी शराब तैयार करने की थी. आरोप है कि उसी के द्वारा तैयार की गई जहरीली शराब ही बंडा में लोगों तक पहुंची और अब तक 16 लोगों की जान चली गई. 

पुलिस ने पैर में मारी गोली 

जहरीली शराब कांड का मास्‍टर माइंड रवि लखेरा घटना के बाद से फरार था. पुलिस ने जंगल में मुठभेड़ के बाद शॉर्ट एंकाउंटर कर उसे पकड़ा है. उसके पैर में गोली लगी है. अब पुलिस रवि से पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि जहरीली शराब बनाने और उसे लोगों तक पहुंचाने में उसके साथ कौन-कौन शामिल था. 

रवि लखेरा पर 28 केस दर्ज 

आरोपी रवि लखेरा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी पुलिस की जांच में सामने आया है.  उसके खिलाफ करीब 28 केस दर्ज हैं. पुलिस की टीम इन मामलों को लेकर भी जानकारी जुटा रही है. 

ये भी पढ़ें- MP: जहरीली शराब कांड के फरार आरोपी रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर, भागने की कोशिश में लगी गोली

ये भी पढ़ें- सागर जहरीली शराब कांड पर सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, न्यायिक जांच के आदेश; IG और कमिश्नर बदले





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button