खबर

फूलों से लद जाएगा गेंदा का पौधा, गार्डिंग एक्सपर्ट ने बताया गेंदे के पौधे में फूल लाने के लिए क्या करें | Gende ke paudhe me phool nahi aa raha hai toh kya kare Gende ke paudhe ki growth kaise badhaye



घर में पेड़-पौधे लगाना आमतौर पर हर किसी को पसंद होता है. ये न केवल घर की सुंदरता को बढ़ाते हैं, बल्कि पौधों से घर का माहौल भी अच्छा बना रहता है. इसमें भी अगर पौधे फूल वाले हों तो और ज्यादा अच्छे लगते हैं. ऐसे में अगर आप भी इन दिनों अपने घर में कोई फूलों वाला पौधा लगाना चाहते हैं, तो गेंदा का पौधा लगा सकते हैं. गेंदे के फूल घर के आंगन और बालकनी को रंगों से भर देते हैं. पीले और नारंगी रंग के ये फूल देखने में जितने खूबसूरत होते हैं, इनकी देखभाल करना भी उतना ही आसान होता है. इसी कड़ी में गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने गेंदे के पौधे की सही देखभाल करने और पौधे में फूल बढ़ाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

गेंदे के पौधे को कितनी देर धूप में रखना चाहिए?

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, गेंदे के पौधे को अच्छी फ्लावरिंग के लिए रोज करीब 6 से 8 घंटे की धूप देना जरूरी है. कम धूप वाली जगह पर रखने से पौधे में फूल छोटे आते हैं या कम आ सकते हैं. इसकी मिट्टी का पीएच करीब 6 से 7.5 के बीच रहे तो पौधे की ग्रोथ और फूल दोनों बेहतर होते हैं.

गेंदे के पौधे को कितने बड़े गमले में लगाना चाहिए?

तरुण चोपड़ा के मुताबिक, गेंदे के लिए आमतौर पर 8 से 10 इंच का गमला पर्याप्त है. पौधा बहुत बड़ा हो तो 12 से 14 इंच का गमला लिया जा सकता है.

गेंदे के पौधे की मिट्टी कैसी होनी चाहिए?

इसे लेकर एक्सपर्ट बताते हैं, इस पौधे की मिट्टी में पानी जमा नहीं होना चाहिए. ऐसे में मिट्टी तैयार करने के लिए 30 प्रतिशत मिट्टी, 30 प्रतिशत वर्मी कंपोस्ट या घर की खाद, 20 प्रतिशत कोकोपीट, 10 प्रतिशत नीम की खाद, 10 प्रतिशत मोटी रेत और थोड़ी मात्रा में एप्सम साल्ट डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद आप इस मिट्टी में गेंदे का पौधा लगा सकते हैं.

गेंदे का पौधा कैसे लगाएं?

गेंदे का पौधा आप बीज या कटिंग, दोनों तरीकों से आसानी से लगा सकते हैं. बीज के लिए पूरी तरह सूखे और पौधे पर ही पके हुए फूल से बीज निकालें. सबसे पहले हल्की और भुरभुरी मिट्टी को किसी सीडलिंग ट्रे या छोटे गमले में भरें और पानी का हल्का स्प्रे करें. बीजों को थोड़ी दूरी पर रखें और ऊपर से बहुत हल्की मिट्टी डालें. इसके बाद हल्का पानी छिड़ककर ऐसी जगह रखें, जहां सीधी तेज धूप की जगह इनडायरेक्ट रोशनी मिले. आमतौर पर 4-10 दिनों में पौध निकलने लगती है. जब पौध करीब 4-6 इंच की हो जाए, तो इसे अलग गमले या जमीन में लगाया जा सकता है.

अगर आपके पास पहले से गेंदे का पौधा है तो कटिंग से भी नया पौधा तैयार किया जा सकता है. मार्च-अप्रैल के बाद पौधे की कटिंग लेकर उसी तरह की तैयार मिट्टी में लगाएं. करीब एक-दो हफ्ते में नई जड़ें बनने लगती हैं.

गेंदे के पौधे में कितना पानी डालें?

तरुण चोपड़ा कहते हैं, गेंदे को जरूरत से ज्यादा पानी बिल्कुल पसंद नहीं है. इसे रोज पानी न दें. जब पौधे की मिट्टी सूखने लगे तभी पानी दें. सर्दियों में पानी की जरूरत कम होती है, गर्म मौसम में जरूरत बढ़ सकती है.

गेंदे के पौधे में फूल लाने के लिए क्या करें?

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, गेंदे के पौधे में जब फूल मुरझाने लगें, तब उन्हें काटकर हटा दें. इसे डेड हेडिंग कहा जाता है. इससे पौधे की ऊर्जा नए फूल और शाखाएं बनाने में लगती है. अगर बीज तैयार करने हैं तो एक-दो फूल पौधे पर छोड़ सकते हैं, बाकी सूखे फूलों को तुरंत-तुरंत हटाते रहें. वहीं, अगर आपका पौधा बहुत छोटा है, तो शुरुआती कलियां भी तोड़कर अलग कर दें, ताकि पौधा ज्यादा घना हो सके.

इससे अलग एक्सपर्ट हर 15-20 दिन में मिट्टी की हल्की गुड़ाई करके इसमें वर्मी कंपोस्ट डालने की सलाह देते हैं और फूलों के लिए पोटाश वाला खाद भी डाला जा सकता है. तरुण चोपड़ा कहते हैं, खाद को कभी भी गीली मिट्टी में नहीं डालना चाहिए. जब भी पौधे में खाद दें, तो दो दिन पहले उससे अच्छे से पानी दें. 2 दिन बाद हल्की सूखी मिट्टी में आप खाद डाल सकते हैं.

सालभर ऐसे करें देखभाल

तरुण चोपड़ा कहते हैं, अगर आप चाहते हैं कि आपका गेंदा का पौधा सालों साल फूल देता रहे और घना रहे तो इसके लिए-

  • जनवरी-फरवरी में डेड हेडिंग करते रहें और पानी कम दें.
  • मार्च-अप्रैल में फूल कम होने लगें तो बीज तैयार करें.
  • मई-जून में गर्मी बढ़ने पर पौधे को जरूरत के अनुसार छाया दें.
  • जुलाई से बीज लगाने का समय शुरू किया जा सकता है.
  • सितंबर-अक्टूबर में पौधों को गमलों में लगाकर खाद दें और शुरुआती कलियां तोड़ें.
  • नवंबर-दिसंबर में गेंदे की मुख्य फ्लावरिंग का समय आता है. इस दौरान आप संतुलित मात्रा में पौधे में खाद देकर खूब फूल बढ़ा सकते हैं.

गार्डिंग एक्सपर्ट कहते हैं, घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ गेंदा किचन गार्डन में भी लगाया जा सकता है. इसे दूसरे पौधों के बीच लगाने से बगीचे को रंगीन बनाने के साथ कीटों से बचाव में भी मदद मिल सकती है.

https://www.youtube.com/watch?v=Vg0he9YWqXo

यह भी पढ़ें-  लहसुन से पौधों के लिए खाद कैसे बनाएं? गार्डिंग एक्सपर्ट ने बताया इसे डालने से पौधे में कभी भी नहीं लगेगा कीड़ा





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button