
काठमांडू:
नेपाल के बाढ़ प्रभावित रसुवा जिले के चिलिमे सुरंग में फंसे लोगों को बचाने के लिए नेपाल सेना के साथ काम कर रही भारतीय सुरंग बचाव टीम को बड़ी सफलता मिली है. टीम ने सुरंग में एक अस्थायी रास्ता बनाया है, ताकि प्रभावित इलाकों तक और भारी मशीनों को पहुंचाए जा सकें. बचाव टीम ने पानी निकालने के लिए और गहराई तक खुदाई की, क्योंकि पानी की वजह से रेस्क्यू के कामों में दिक्कतें आ रही थी.
नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारतीय सुरंग बचाव टीम ने नेपाली सेना के साथ मिलकर चिलिमे सुरंग में और गहराई तक खुदाई की और पानी बाहर निकाला. सुरंग तक और भारी उपकरण पहुंचाने के लिए एक अस्थायी रास्ता भी बनाया जा रहा है, और टीम के साथ आए डॉक्टरों ने स्थानीय लोगों के लिए एक स्वास्थ्य शिविर भी लगाया.”

भारत और चीन की विशेषज्ञ टीम नेपाल की बचाव टीम की मदद कर रही हैं, ताकि उन मजदूरों और कर्मचारियों का पता लगाया जा सके जो आपदा के बाद से अलग-अलग जल विद्युत परियोजना स्थालों पर लापता हैं. माना जा रहा है कि उनमें से कई सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं.

चिलिमे जलविद्युत परियोजना स्थल रसुवा जिले के स्याब्रूबेसी गांव के पास स्थित है, जो 26 अगस्त को नेपाल में आई भयानक अचानक बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुआ था.
इसे भी पढ़ें: नेपाल में चमत्कारी रेस्क्यू, रसुवा की सुरंग से 11 दिन बाद जिंदा निकला चीनी नागरिक, नुवाकोट में बचाई गई महिला
इसे भी पढ़ें: नेपाल में 9 दिन सुरंग में फंसे रहे 2 मजदूर, जानें बिना खाना मिले शरीर कब तक कर सकता है सर्वाइव?





