
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1100 से अधिक हो गई है. 12000 से अधिक लोगों को बचा लिया गया है, जबकि लगभग 4,000 लोग अब भी लापता हैं. खोज और बचाव अभियान जारी है. NDTV की टीम भी पिछले कई दिनों से ग्राउंड जीरो पर मौजूद है. रसुवा जिले के धुनचे में अलग-अलग हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स की टनल में फंसे लोगों को बचाने के लिए अमेरिका से विशेषज्ञों की एक टीम पहुंची है. टीम को टनल तक पहुंचाया जाएगा, जहां पर पिछले कई दिनों से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहे हैं. टीम के जरिए टनल में फंसे लोगों को निकाला जाएगा. उधर, काठमांडू जाने वालों की लाइन लंबी होती जा रही है. हेलिकॉप्टर से लोगों को पहुंचाया जा रहा है. ऐसे में लोग अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं.
नेपाल के नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीआरआरएमए) ने बताया कि बाढ़ में बहे 1,114 शव बुधवार सुबह 9 बजे तक बरामद कर लिए गए थे. सबसे ज्यादा शव दक्षिणी चितवन जिले से बरामद किए गए (348), इसके बाद नवलपरासी ईस्ट (217), नवलपरासी वेस्ट (190), नुवाकोट (155), गोरखा (66), धाडिंग (59), रसुवा (41) और तनहुं (38) का नंबर आता है। इन आंकड़ों में अलग-अलग जगहों से बरामद शरीर के अंग भी शामिल हैं. अधिकारियों ने बताया कि अब तक 95 शवों की पहचान कर ली गई है और उन्हें उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है.

Add image caption here
करीब 4000 हजार लोगों से नहीं हो पा रहा संपर्क
एनडीआरआरएमए के अनुसार, 3,916 लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है. इनमें सरकारी कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी, चुने हुए प्रतिनिधि, विदेशी नागरिक, विदेशी पर्यटकों के साथ आए नेपाली लोग, स्थानीय निवासी और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट में काम करने वाले मजदूर शामिल हैं. हालांकि, एनडीआरआरएमए और नेपाल पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों में अंतर है. नेपाल पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 4,858 लोग (जिनमें 583 विदेशी नागरिक शामिल हैं) लापता हैं. ये आंकड़े बुधवार सुबह 8 बजे तक इकट्ठा की गई जानकारी के आधार पर साझा किए गए.

Add image caption here
इन हाइड्राेपावर प्रोजेक्ट्स में जारी है रेस्क्यू
अपर त्रिशूली 3ए हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट (60 एमडब्ल्यू), चिलिमे हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट (22 एमडब्ल्यू), लांगटांग खोला हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट (20 एमडब्ल्यू), त्रिशूली 3बी हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट (37 एमडब्ल्यू) और अपर त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट (216 एमडब्ल्यू) पर रेस्क्यू जारी है. मंगलवार तक रसुवागढ़ी हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट (111 एमडब्ल्यू) से लापता बताए गए 91 लोगों का कोई पता नहीं चल सका था।
यह भी पढ़ें- आस टूटी तो नेपाल में लापता लोगों के पुतले से हो रहा अंतिम संस्कार, बिलखते परिजनों की तस्वीरें कलेजा चीर रहीं





