

क्या हो अगर एक ऐसा सीरियल किलर हो, जो लोगों की जान लेने के बाद भी बिल्कुल शांत नजर आए. और उसे पकड़ने निकला पुलिस अफसर खुद अपने अंदर के अंधेरे से लड़ रहा हो. सोचिए, जब ऐसे दो खतरनाक किरदार आमने-सामने आएंगे, तो कहानी कितनी डरावनी और चौंकाने वाली हो सकती है. यही वजह है कि 7.3 IMDb रेटिंग वाली ये डार्क थ्रिलर आज भी लोगों की वॉचलिस्ट में बनी हुई है. इसमें हर कुछ मिनट बाद ऐसा मोड़ आता है, जो अगला सीन देखने की उत्सुकता और बढ़ा देता है.
डार्क थ्रिलर का नाम जानकर चौंक जाएंगे
हम बात कर रहे हैं अनुराग कश्यप के डायरेक्शन में बनी रमन राघव 2.0 की. इस फिल्म को इंटरनेशनल मार्केट में साइको रमन नाम से भी रिलीज किया गया था. इसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने एक साइको सीरियल किलर का रोल निभाया है, जबकि विक्की कौशल पुलिस अफसर राघवन बने हैं. फिल्म में शोभिता धुलिपला भी नजर आई थीं और इसी फिल्म से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया था.
ये भी पढ़ें: 27 साल पुराना तब्बू का वो गाना जिसे आशा भोसले की आवाज ने बनाया कल्ट क्लासिक, शाहरुख खान ने ठुकराई थी फिल्म
असली किलर से मिली कहानी की प्रेरणा
फिल्म की कहानी 1960 के दशक के कुख्यात सीरियल किलर रमन राघव से प्रेरित है. हालांकि ये उसकी पूरी असली कहानी नहीं दिखाती, बल्कि उसी सोच पर एक नई और डार्क कहानी पेश करती है. इसमें नवाजुद्दीन का किरदार लगातार लोगों की हत्या करता है, जबकि विक्की कौशल का पुलिस अफसर नशे की लत और गुस्से जैसी परेशानियों में फंसा रहता है. इसी दौरान दोनों के बीच एक ऐसा अजीब रिश्ता बनता है, जो हर मोड़ पर नया ट्विस्ट लेकर आता है.
नवाजुद्दीन और विक्की का अलग अवतार
अगर आपने नवाजुद्दीन और विक्की कौशल को उनकी दूसरी फिल्मों में देखा है, तो यहां उनका अंदाज आपको चौंका सकता है. नवाजुद्दीन बिना ज्यादा शोर मचाए डर पैदा करते हैं, जबकि विक्की का किरदार हीरो कम और अपने ही अंधेरे में उलझा इंसान ज्यादा लगता है. यही वजह है कि दोनों की टक्कर फिल्म को यादगार बना देती है. अगर आपको डार्क क्राइम और साइकोलॉजिकल थ्रिलर पसंद हैं, तो रमन राघव 2.0 को OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 पर देख सकते हैं.





