

दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक 55 वर्षीय मुन्ना लाल की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की. शुरुआती तौर पर घटना को चोरी और लूटपाट से जुड़ा मामला दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन जांच में पूरा राज सामने आ गया. 10 अगस्त की सुबह पुलिस को रतिया मार्ग इलाके में एक व्यक्ति के घायल अवस्था में सड़क पर पड़े होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ मुन्ना लाल को एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पत्नी ने सुनाई थी चोरों की कहानी
जांच के दौरान पत्नी मंजू उर्फ नाजिया ने दावा किया कि घर में चोर घुस आए थे. उसने कहा कि चोरों से संघर्ष के दौरान उसके पति की हत्या हो गई जबकि वह सो रही थी. हालांकि पुलिस को उसके बयान में कई विसंगतियां मिलीं. जांच टीम ने पाया कि घर के अंदर खून के निशान साफ करने की कोशिश की गई थी. सामान भी इस तरह बिखेरा गया था ताकि मामला चोरी जैसा लगे. इससे पुलिस का शक और गहरा गया.
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक नकाबपोश व्यक्ति देर रात करीब 1:45 बजे घर में घुसता दिखाई दिया. वह करीब 3:15 बजे बाहर निकला. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच तेज की. सख्ती से पूछताछ करने पर नाजिया टूट गई और उसने अपने प्रेमी चमन के साथ मिलकर पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली. पुलिस ने चमन को भी गिरफ्तार कर लिया. मामले में किशन नामक व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई, जिसने घटना के बाद चमन को शरण दी थी.
नींद की गोली देकर की हत्या
पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश पहले से रची गई थी. चमन ने नाजिया को नींद की गोलियां दी थीं. महिला ने ये गोलियां पानी में मिलाकर पति को पिला दीं. जब मुन्ना लाल गहरी नींद में सो गया तो दोनों आरोपियों ने पहले उसका गला घोंटा. इसके बाद उस पर डंडे से हमला किया गया और कथित तौर पर बिजली के झटके भी दिए गए ताकि उसकी मौत सुनिश्चित हो सके. वारदात के बाद शव को घर से बाहर ले जाकर फेंक दिया गया.
घरेलू विवाद और प्रेम संबंध बना वजह
पुलिस के अनुसार नाजिया और चमन के बीच प्रेम संबंध थे. चमन घर के पास स्थित एक दुकान में मैकेनिक का काम करता था. जांच में यह भी सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू कलह और आर्थिक मुद्दों को लेकर विवाद चल रहा था. मुन्ना लाल पेशे से प्रॉपर्टी डीलर था और आर्थिक रूप से संपन्न था. नाजिया का आरोप था कि उसे जरूरत के मुताबिक पैसे नहीं दिए जाते थे. इसी कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. पुलिस का कहना है कि घरेलू विवाद, कथित मारपीट और प्रेम संबंधों ने मिलकर इस हत्या की पृष्ठभूमि तैयार की.
20 हजार रुपये दिए, जांच जारी
दक्षिण दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार महिला ने हत्या में मदद के बदले प्रेमी को पांच लाख रुपये देने का वादा किया था. बाद में उसने उसे 20 हजार रुपये दिए. पुलिस ने जांच के दौरान 15 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
यह भी पढ़ें- IPS हितिका वासल: जमीन खुदवाकर निकाला 1 KG सोना, काम आई ‘लेडी सिंघम’ की धांसू रणनीति
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


