

पटना:
बिहार के बांकीपुर विधानसभा में आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है. सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है. लेकिन यहां उपचुनाव की वोटिंग से ठीक पहले थाने में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. जहां प्रशांत किशोर और पुलिस अधिकारी के बीच तीखी नोक-झोंक भी हुई. दरअसल प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि मतदान से ठीक पहले जन सुराज ने 20 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वो पार्टी नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं की तलाश में जक्कनपुर थाने पहुंचे. जहां उनकी SHO से तीखी नोकझोंक हुई.
करीब आधे घंटे तक थाने में बहस चलती रही. इस दौरान SHO ने प्रशांत किशोर से कहा, वर्दी उतारकर आप सबको बता देंगे. इस पर नाराज़ प्रशांत किशोर ने कहा, क्या आप हमें धमकी दे रहे हैं? आपकी नौकरी चली जाएगी.
पीके बोले- गलती होगी तो सजा मंजूर लेकिन…
प्रशांत किशोर ने कहा- अगर जन सुराज के किसी नेता या कार्यकर्ता से कोई गलती हुई है, तो कानून के तहत उन्हें सज़ा मिलेगी और हम इसके लिए तैयार हैं. लेकिन किसी भी हालत में यह स्वीकार नहीं किया जा सकता कि पुलिस जन सुराज के नेताओं को हिरासत में लेकर अब तक यह नहीं बता रही कि वे कहां हैं? सरकार घबरा गई है.
हार के डर से हताश अब भाजपा प्रशासन की मदद से चुनाव लड़ रही है। बांकीपुर की जनता इसका जवाब देगी। #PrashantKishor #BankipurWithPK pic.twitter.com/BWlu2f79Dr
— Jan Suraaj (@jansuraajonline) July 29, 2026
बीजेपी को फायदा हो इसलिए जन सुराज के कार्यकर्ताओं को उठाया
प्रशांत किशोर ने कहा जन सुराज के कार्यकर्ताओं को दानापुर डिटेन कर ले जाया गया है. उन्होंने पुलिस पर राजनीतिक दवाब में जन सुराज के लोगों को पकड़ने का आरोप लगाया ताकि बांकीपुर के मतदान में बीजेपी को फायदा हो. उन्होंने कहा कि 16 से ज़्यादा लोगों को पकड़ा गया है, कहीं FIR नहीं है. कल काम तमाम होगा उनका, चुनाव हारेंगे वो लोग, कल एसएसपी से हम लोग मिलेंगे.
पीके ने यह भी कहा कि सुबह हम लोग SSP के यहां जाएंगे और उनसे पूछेंगे कि किस अपराध में लोगों को डिटेन किया गया है. अगर इन 16 लोगों को कोई फिजिकल हार्म हुआ तो उसकी जिम्मेवारी जक्कनपुर थाना इंचार्ज जैसे उन सभी थाना इंचार्ज पदाधिकारी की होगी.
यह भी पढ़ें – LIVE: बांकीपुर, दतिया, मांजलपुर उपचुनाव के लिए मतदान आज, क्या प्रशांत किशोर भेद पाएंगे नितिन नवीन का किला





