खबर

IPL 2009 FEMA मामले में मिली राहत के बाद ललित मोदी की घर वापसी की तैयारी, बोले- जल्द आऊंगा भारत | IPL 2009 FEMA case Lalit Modi prepares return home after getting relief says come India soon



इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने 2009 आईपीएल दक्षिण अफ्रीका मामले में बड़ी कानूनी राहत मिलने के बाद भारत लौटने की योजना का संकेत दिया है. विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) से जुड़े इस मामले में अपीलीय न्यायाधिकरण के फैसले के बाद मोदी ने कहा कि वह इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में भारत आ सकते हैं. लंबे समय से विदेश में रह रहे मोदी ने इस फैसले को अपने पक्ष की बड़ी जीत बताया है.

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो संदेश में मोदी ने कहा कि यह फैसला उन बातों की पुष्टि करता है जो वह पिछले 16 वर्षों से कहते आ रहे थे. उनके मुताबिक अब इस मामले की सच्चाई सामने आ चुकी है और उन्हें न्याय मिला है.

फैसले पर क्या बोले ललित मोदी

कानूनी राहत मिलने के बाद ललित मोदी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘‘मैं इस फैसले से बहुत खुश हूं. यह सचमुच में मेरे लिए एक शानदार दिन है. मैंने 16 साल तक लड़ाई लड़ी है और मीडिया तथा सभी लोगों से जो कुछ कहता आया हूं, वह आखिरकार सच साबित हुआ है.” मोदी का कहना है कि इतने लंबे समय तक चले विवाद के बाद अब वह अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं और भारत आने को लेकर उत्साहित हैं.

न्यायाधिकरण ने क्यों रद्द किए जुर्माने

तस्करी और विदेशी मुद्रा हेरफेर करने वाले (संपत्ति की जब्ती) अधिनियम (साफेमा) के तहत गठित अपीलीय न्यायाधिकरण ने मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा लगाए गए प्रमुख जुर्मानों को रद्द कर दिया. यह मामला 2009 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित आईपीएल से जुड़े विदेशी मुद्रा लेन-देन से संबंधित था.

न्यायाधिकरण ने माना कि संबंधित विदेशी धन प्रेषण करंट अकाउंट लेनदेन थे जिनके लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की पूर्व अनुमति जरूरी नहीं थी. इसके साथ ही न्यायाधिकरण ने यह भी कहा कि बीसीसीआई की ओर से फेमा अनुपालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी ललित मोदी की नहीं थी. इस निष्कर्ष ने मामले के मुख्य आधार को ही कमजोर कर दिया.

भारत वापसी की योजना और परिवार से जुड़ी खुशी

साल 2010 में भारत छोड़ने के बाद से लंदन में रह रहे मोदी ने कहा कि अब यह कानूनी अध्याय समाप्त हो चुका है. उन्होंने कहा, ‘‘अब मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहता हूं और भारत लौटने का इंतजार कर रहा हूं. हां, मैं संभवतः इस साल के अंत में या अगले साल की शुरुआत में भारत आऊंगा. अक्टूबर में मेरी बेटी मां बनने वाली है. उम्मीद है कि सब कुछ अच्छा रहेगा और मैं भारत वापस आऊंगा.”

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘‘भारत हमेशा मेरी पहचान का हिस्सा रहा है. कानूनी प्रक्रिया अपने निष्कर्ष तक पहुंच चुकी है और मैं उसका सम्मान करता हूं. मैं फिर से अपने देश जाने, समय-समय पर पुराने दोस्तों से मिलने और हर संभव सकारात्मक तरीके से योगदान देने के लिए उत्सुक हूं.”

हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि उनका स्थायी निवास लंदन ही रहेगा. मोदी ने लिखा, ‘‘मेरा घर लंदन में ही है और मैं वहीं रहना जारी रखूंगा, लेकिन भारत के लिए मेरे दिल की धड़कन कभी नहीं रुकी.” साथ ही उन्होंने कहा, ‘‘मुझे सिर्फ आईपीएल की भलाई की चिंता थी और किसी दूसरी चीज की नहीं. मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण आईपीएल ही था.”

यह भी पढ़ें- बराड़ को मौका, जडेजा-वैभव की हो गई छुट्टी, भारतीय दिग्गज ने World Cup 2027 के लिए चुनी भारतीय टीम

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button